झारखंड में 27 सितंबर तक बारिश का दौर, आज-कल रांची समेत कई जिलों में भारी बारिश के आसार


रांची। झारखंड में अगले पांच दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 23 से 27 सितंबर तक राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, मध्य और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र का असर झारखंड के मौसम पर पड़ रहा है। इसके कारण राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

रांची में आज-कल भारी बारिश के आसार

राजधानी रांची में बुधवार सुबह से ही तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार 23 और 24 सितंबर को रांची जिले में भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक और वज्रपात के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

24 सितंबर को इन जिलों में ज्यादा असर

24 सितंबर को दक्षिणी झारखंड के सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम के अलावा मध्य झारखंड के रांची, गुमला और खूंटी में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन इलाकों में रहने वाले लोगों को खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

25-26 को भी बारिश, 27 को तेज हवा-वज्रपात

25 और 26 सितंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी। वहीं 27 सितंबर को भी कई इलाकों में गरज-चमक और वज्रपात हो सकता है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए बारिश और वज्रपात के दौरान लोगों को खुले स्थानों और पेड़ के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है।

Post a Comment

0 Comments