सरायकेला: सरायकेला में डीसी कार्यालय के पीछे स्थित बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में चोरों ने चोरी की कोशिश की. हालांकि, चोर बैंक के मुख्य गेट तक ही पहुंच सके और अंदर प्रवेश नहीं कर पाए. शनिवार सुबह बैंक की ग्रिल का ताला टूटा हुआ मिलने के बाद घटना का पता चला.
घटना की जानकारी मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. आसपास के लोगों के मुताबिक, शुक्रवार रात इलाके में पुलिस की गश्ती लगातार होती रही और पुलिस वाहन कई बार सायरन बजाते हुए वहां से गुजरा. स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की सक्रिय गश्त के चलते चोर अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके. हालांकि, चोर मौके से किस परिस्थिति में भागे, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो पाएगी.
थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि शुक्रवार रात वह खुद भी डीसी कार्यालय के पीछे के इलाके में गश्त कर रहे थे. पुलिस अब बैंक और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. साथ ही मौके से मिले अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
घटना के बाद बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं. फिलहाल बैंक के अंदर से किसी तरह की नकदी या अन्य सामान चोरी होने की सूचना नहीं है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
0 Comments