मरीज की मौत के बाद ऑर्किड अस्पताल में हंगामा, परिजनों ने इलाज और बिलिंग पर उठाए सवाल


रांची। लालपुर स्थित ऑर्किड अस्पताल में मरीज की मौत के बाद शनिवार को परिजनों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल की इलाज और बिलिंग व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए लापरवाही के आरोप लगाए। उनका आरोप है कि मरीज की मौत रात करीब 2 बजे हो गई थी, लेकिन इसके बाद भी सुबह करीब 5:30 बजे तक फार्मेसी का बिल बनाया जाता रहा।

परिजनों ने इलाज के दौरान दवाओं और इंजेक्शन के इस्तेमाल को लेकर भी सवाल उठाए। उनका दावा है कि करीब दो घंटे के भीतर 200 इंजेक्शन दिए जाने का रिकॉर्ड सामने आया, जिस पर उन्होंने आपत्ति जताई। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।

सिविल सर्जन ने भेजी तीन डॉक्टरों की टीम

मामले की जानकारी मिलने के बाद सिविल सर्जन ने जांच के लिए तीन डॉक्टरों की टीम को ऑर्किड अस्पताल भेजा। टीम ने अस्पताल पहुंचकर इलाज, दवा और बिलिंग से जुड़े दस्तावेजों की जांच की। जांच के बाद टीम ने अपनी रिपोर्ट सिविल सर्जन को सौंप दी है।

एफआईआर दर्ज नहीं करने का भी आरोप

परिजनों ने पुलिस पर भी शिकायत के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने विधायक इरफान अंसारी से मामले में हस्तक्षेप कर कार्रवाई कराने की मांग की। फिलहाल पूरे मामले में जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई का इंतजार है। अस्पताल प्रबंधन का पक्ष सामने आने के बाद ही आरोपों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment

0 Comments