रांची: गांधी जयंती के अवसर पर बिरसा मुंडा कारावास में बंद 11 बंदियों को राहत मिली है। जेल परिसर में आयोजित जेल अदालत में मामलों की सुनवाई के बाद इन बंदियों को रिहा कर दिया गया। नालसा और झालसा के निर्देश पर इस जेल अदालत का आयोजन किया गया था।
विभिन्न न्यायालयों में लंबित मामलों के निष्पादन के लिए कुल 21 बंदियों ने आवेदन दिया था। इस दौरान जेल अदालत के साथ जागरूकता शिविर भी लगाया गया, जिसमें बंदियों को नालसा और झालसा की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान बंदियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया गया। इसमें बंदियों के स्वास्थ्य की जांच की गई। वहीं, न्यायिक दंडाधिकारियों ने जेल में बंदियों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की जांच की। भोजन चखकर उसकी गुणवत्ता का जायजा लिया गया और जहां भी कमियां पाई गईं, उन्हें दूर करने के निर्देश दिए गए।
0 Comments