कावेरी रेस्टोरेंट में कॉकरोच, कुप्पूस्वामी में पनीर में मिलावट


खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, 15 किलो पनीर और 10 किलो छोले नष्ट; एक्सपायरी मिठाई और कोल्ड ड्रिंक भी मिले
रांची। त्योहारों के मौसम में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। इस दौरान चांदनी चौक के पास स्थित कावेरी रेस्टोरेंट में कॉकरोच मिले, जबकि कांके रोड स्थित कुप्पूस्वामी के किचेन में पनीर में स्टार्च की मिलावट पाई गई। विभाग की टीम ने दोनों प्रतिष्ठानों में मिली खामियों पर कार्रवाई करते हुए संबंधित खाद्य सामग्री नष्ट कराई और संचालकों को नोटिस जारी किया। वहीं, ऑक्सीजन पार्क के आसपास ठेले-खोमचों की जांच में छोले में हानिकारक रंग मिलने पर करीब 10 किलो खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार और पवन कुमार के नेतृत्व में प्रशिक्षु खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों की टीम ने रेस्टोरेंट, मिठाई दुकानों और सड़क किनारे खाद्य सामग्री बेचने वाले प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और सुरक्षित भंडारण की जांच की गई।
कावेरी रेस्टोरेंट में कॉकरोच, एक्सपायरी मिठाई नष्ट
चांदनी चौक के पास स्थित कावेरी रेस्टोरेंट में निरीक्षण के दौरान परिसर में कॉकरोच पाए गए। इसके अलावा एक्सपायरी मिठाई भी मिली, जिसे अधिकारियों ने मौके पर ही नष्ट करा दिया। खाद्य पदार्थों को सुरक्षित रखने और परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था पर सवाल उठने के बाद विभाग ने रेस्टोरेंट संचालक को नोटिस जारी किया। संचालक को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने का निर्देश दिया गया।
पनीर में स्टार्च, 15 किलो पनीर नष्ट
कांके रोड स्थित कुप्पूस्वामी के किचेन परिसर की जांच में गंदगी के साथ पनीर में स्टार्च की मिलावट सामने आई। इसके बाद अधिकारियों ने करीब 15 किलो पनीर नष्ट करा दिया। प्रतिष्ठान में एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक की 20 बोतलें भी मिलीं, जिन्हें नष्ट कराया गया। विभाग ने संचालक को साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने का निर्देश दिया।
छोले में हानिकारक रंग, 10 किलो सामग्री बर्बाद
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ऑक्सीजन पार्क के आसपास लगने वाले ठेले-खोमचों, चाट, पिज्जा और केक की दुकानों की भी जांच की। मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब (एमएफटीएल) वैन की मदद से मौके पर खाद्य पदार्थों की जांच की गई। इस दौरान छोले में हानिकारक रंग पाए जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद करीब 10 किलो छोले नष्ट करा दिए गए।
अखबार में खाद्य सामग्री बेचने पर रोक की हिदायत
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार ने दुकानदारों को खाद्य सामग्री ढककर रखने और स्वच्छ वातावरण में तैयार करने व बेचने का निर्देश दिया। उन्होंने खाद्य पदार्थ तैयार करने और परोसने के दौरान दस्ताने, एप्रन और टोपी का इस्तेमाल करने की हिदायत दी। दुकानदारों से खाद्य सामग्री को अखबार में लपेटकर या अखबार पर रखकर नहीं बेचने को भी कहा गया।
विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग को देखते हुए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Post a Comment

0 Comments