रांची: वियतनाम में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले रांची निवासी राजा कुमार का पार्थिव शरीर शनिवार को रांची लाया जाएगा। बेटे को आखिरी बार देखने के लिए परिजन बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। राजा वियतनाम में योग शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास की ओर से उनका पार्थिव शरीर कोलकाता भेजा जा रहा है। इसके बाद कोलकाता से शव को रांची लाया जाएगा।
शव को झारखंड लाने के लिए भाई ने खटखटाया था हाईकोर्ट का दरवाजा
राजा कुमार के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द झारखंड लाने की मांग को लेकर उनके भाई ने झारखंड हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। याचिका के माध्यम से शव को वियतनाम से झारखंड लाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की गई थी। परिजन लगातार राजा के पार्थिव शरीर के रांची पहुंचने का इंतजार कर रहे थे।
हादसे के एक सप्ताह बाद रांची पहुंचेगा शव
मिली जानकारी के मुताबिक, राजा कुमार वियतनाम में योग शिक्षक के तौर पर काम करते थे। हादसे वाले दिन वह एक निजी घर में योग का प्रशिक्षण देने के बाद अपनी स्कूटी से कार्यालय लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर एक कार से टकरा गई। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि राजा की मौके पर ही मौत हो गई।
इस हादसे को एक सप्ताह से अधिक समय बीत चुका है। अब शनिवार को उनका पार्थिव शरीर रांची पहुंचने की उम्मीद है। बेटे की मौत से परिवार में शोक का माहौल है और परिजन उनके अंतिम दर्शन का इंतजार कर रहे हैं।
0 Comments