गांधी जयंती पर बापू वाटिका पहुंचे राज्यपाल और CM हेमंत, महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि




रांची: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को झारखंड में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस मौके पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, रक्षा राज्यमंत्री एवं रांची के सांसद संजय सेठ और राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका पहुंचकर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने लोक भवन में भी महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों के जरिए पूरी मानवता को नई राह दिखाई। उनके विचार आज भी लोगों को सत्यनिष्ठा, शांति, आपसी सद्भाव और समाज सेवा के लिए प्रेरित करते हैं।

राज्यपाल ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए कहा कि उनका सादगीपूर्ण जीवन, विनम्र स्वभाव और कर्तव्य के प्रति निष्ठा देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण और ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा हमेशा लोगों को देशसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

सीएम हेमंत सोरेन ने बापू के आदर्शों को बताया प्रासंगिक

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गांधी जयंती पर महात्मा गांधी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि बापू ने सत्य और अहिंसा के रास्ते पर चलकर देश को आजादी की राह दिखाई। उन्होंने पूरी दुनिया को मानवता, शांति और सह-अस्तित्व का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जब समाज में विभाजन की कोशिशें देखने को मिलती हैं, तब महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, निर्भीकता, सद्भाव और सर्वजन हित के विचार पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो जाते हैं। गांधी जी का सपना ऐसे भारत का था, जहां विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। गरीबों और वंचितों को सम्मान मिले, गांव आत्मनिर्भर और सशक्त बनें तथा प्रकृति के साथ संतुलन कायम रहे।

लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को किया याद

सीएम हेमंत सोरेन ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री को भी उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी का सादगीपूर्ण जीवन, दृढ़ नेतृत्व, ईमानदारी और देश के प्रति समर्पण सभी के लिए सदैव प्रेरणादायी रहेगा। उनका प्रसिद्ध नारा ‘जय जवान, जय किसान’ आज भी देशवासियों में उत्साह और देशसेवा की भावना जगाता है।

कार्यक्रम के दौरान कई अन्य जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने भी महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

Post a Comment

0 Comments