रांची। JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और छात्र आंदोलन के दौरान अभ्यर्थियों पर दर्ज मुकदमों के विरोध में भाजपा ने मंगलवार को रांची में जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय स्थित उपायुक्त कार्यालय का घेराव कर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
भाजपा ने इस मुद्दे को लेकर चार दिवसीय राज्यव्यापी आंदोलन की शुरुआत की है। पार्टी के अनुसार, आंदोलन के तहत राज्य के सभी 24 जिलों में अलग-अलग दिन प्रदर्शन करते हुए डीसी और एसपी कार्यालयों का घेराव किया जाएगा।
रांची में आयोजित प्रदर्शन में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने आरोप लगाया कि भर्ती परीक्षाओं से जुड़े सवाल उठाने वाले छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा ने कहा कि छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और परीक्षा में सामने आई कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्रों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी छात्रों के अधिकार और न्याय की मांग को लेकर सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाएगी। भाजपा ने भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी की CBI जांच और छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग भी दोहराई।
भाजपा नेताओं ने सरकार पर छात्र आंदोलन को दबाने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
वहीं, प्रदर्शन को देखते हुए रांची जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। समाहरणालय परिसर और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
0 Comments