जमशेदपुर। झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह की गुरुवार तड़के जमशेदपुर में हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित दोमुहानी के पास हुआ। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े खराब ट्रेलर के पीछे जा घुसी। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, ट्रेलर बुधवार रात से ही तकनीकी खराबी के कारण सड़क पर खड़ा था। इसी दौरान तड़के तेज रफ्तार कार पीछे से ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस और राहत टीम को शव निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा। सभी शवों को एमजीएम अस्पताल भेजा गया।
पहुंची पुलिस टीम
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर और सोनारी थाना प्रभारी समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में ट्रेलर के बीच सड़क पर खड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय ट्रेलर पर पर्याप्त संकेतक या सुरक्षा व्यवस्था थी या नहीं।
परिजनों में शोक
तृषा सिंह की मौत की खबर सामने आने के बाद मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के परिवार और परिचितों में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत राज्य सरकार के कई नेताओं ने घटना पर दुख जताते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। दीपिका पांडेय सिंह महागामा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक हैं और झारखंड सरकार में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री हैं।
0 Comments