रांची: राजधानी रांची के चुटिया थाना परिसर में उस वक्त हंगामे की स्थिति बन गई, जब बड़ी संख्या में लोग शिकायत लेकर थाने पहुंचे। इस दौरान एक पक्ष ने पुलिस पर दूसरे पक्ष के समर्थन में काम करने का आरोप लगाया।
मामला चुटिया के पावर चौक के पास स्थित एक ज्वेलरी दुकान से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक और कुछ स्थानीय युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान लाठी-डंडे चलने की भी बात सामने आई है।
घटना के बाद ज्वेलरी दुकान में तोड़फोड़ किए जाने का आरोप भी लगाया गया है। वहीं, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।
इस घटना में दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है।
घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग चुटिया थाना पहुंचे, जहां विवाद को लेकर जमकर हंगामा हुआ। एक पक्ष ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए पक्षपात का आरोप लगाया है। फिलहाल, मामले को लेकर इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
0 Comments