रांची: झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी दूर करने के लिए राज्य सरकार ने 306 डॉक्टरों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की है। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत इन पदों पर बिडिंग प्रक्रिया के जरिए नियुक्तियां की जाएंगी। कुल पदों में 200 नॉन-टीचिंग स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर और 106 स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर शामिल हैं।
विभिन्न विशेषज्ञताओं में होगी नियुक्ति
जारी विज्ञापन के मुताबिक, 200 नॉन-टीचिंग स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर के पदों पर एनेस्थीसिया, डर्मेटोलॉजी, ईएनटी, फॉरेंसिक साइंस, स्त्री एवं प्रसूति रोग, नेत्र रोग, ऑर्थोपेडिक्स, पीडियाट्रिक्स, पैथोलॉजी, मेडिसिन, मनोरोग, रेडियोलॉजी और सर्जरी सहित विभिन्न विशेषज्ञताओं के चिकित्सकों की नियुक्ति की जाएगी।
वहीं, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 106 स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर की बहाली होगी। इन पदों के लिए एनेस्थीसिया, डर्मेटोलॉजी, ईएनटी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, नेत्र रोग, ऑर्थोपेडिक्स, जनरल मेडिसिन, मनोरोग, रेडियोलॉजी और सर्जरी के विशेषज्ञ आवेदन कर सकेंगे। चयनित अभ्यर्थियों को विज्ञापन के अनुलग्नक-I में दिए गए स्थानों पर तैनात किया जाएगा।
8 अक्टूबर से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन 8 अक्टूबर 2026 की रात 11:59 बजे से शुरू होंगे। आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर 2026 की रात 11:59 बजे तक निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों की आयु की गणना भी 31 अक्टूबर 2026 को आधार मानकर की जाएगी। आवेदन केवल निर्धारित ऑनलाइन भर्ती पोर्टल के माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।
एमबीबीएस के साथ पीजी डिग्री या डिप्लोमा जरूरी
आवेदन के लिए अभ्यर्थियों के पास एमबीबीएस की डिग्री होना अनिवार्य है। इसके साथ संबंधित विशेषज्ञता में एनएमसी से मान्यता प्राप्त संस्थान से पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री या डिप्लोमा होना चाहिए। इसके अलावा संबंधित मेडिकल काउंसिल में वैध पंजीकरण भी आवश्यक है। दोनों श्रेणियों के पदों के लिए न्यूनतम आयु 23 वर्ष और अधिकतम आयु 64 वर्ष तय की गई है।
अनुबंध के आधार पर होगी नियुक्ति
विभाग की ओर से जारी विज्ञापन के अनुसार, 200 नॉन-टीचिंग स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर के पदों पर नियुक्ति पूरी तरह अनुबंध के आधार पर की जाएगी। नियुक्ति विज्ञापन में निर्धारित नियमों और शर्तों के अनुसार होगी। दूसरी ओर, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत 106 विशेषज्ञ चिकित्सा पदाधिकारियों की नियुक्ति विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के लिए की जाएगी।
यहां कर सकते हैं आवेदन
इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी झारखंड रूरल हेल्थ मिशन सोसाइटी की आधिकारिक वेबसाइट www.jrhms.jharkhand.gov.in और भर्ती पोर्टल www.recruitment.jharkhand.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को संबंधित विज्ञापन में दिए गए दिशा-निर्देशों और पात्रता संबंधी शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी जाती है।
0 Comments