निरसा: धनबाद जिले के निरसा में अवैध कोयला खनन का मामला सामने आया है। विधायक अरूप चटर्जी ने शुक्रवार सुबह अपने आवास के पास स्थित राजा कोलियरी खदान में चल रहे अवैध खनन का खुलासा किया। पिछले कई दिनों से मिल रही शिकायतों के बाद विधायक अपनी टीम के साथ खदान पहुंचे और अंदर जाकर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने खदान के भीतर बने अवैध मुहानों में प्रवेश कर वहां चल रही गतिविधियों को देखा।
खदान के अंदर का नजारा देखकर विधायक भी हैरान रह गए। बताया जा रहा है कि अवैध खनन में शामिल लोग मोटरसाइकिल के जरिए कोयला ढो रहे थे। मोटरसाइकिलों पर कोयला लादकर खदान के अंदर और बाहर ले जाया जा रहा था।
CISF और कोलियरी प्रबंधन की संयुक्त कार्रवाई
मौके पर पहुंची CISF और कोलियरी प्रबंधन की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। इस दौरान अवैध खनन में इस्तेमाल किए जा रहे बिजली के तार, कोयला काटने वाले कई गैता, भारी मात्रा में मोटे बिजली के केबल और मोटर कटर समेत अन्य उपकरण जब्त किए गए।
इसके साथ ही खदान के अवैध मुहानों को बंद करने के लिए उन्हें भरने का काम भी शुरू कर दिया गया है। कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध खनन को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
बड़े स्तर पर खनन किए जाने का आरोप
विधायक अरूप चटर्जी ने बताया कि उन्हें पिछले कई दिनों से राजा कोलियरी खदान में अवैध खनन किए जाने की लगातार सूचनाएं मिल रही थीं। उनके अनुसार, उनके आवास के पास ही स्थित इस खदान में बड़े पैमाने पर कोयला निकालने का काम किया जा रहा था।
विधायक ने आरोप लगाया कि अवैध खनन को एक सुनियोजित प्रोजेक्ट की तरह संचालित किया जा रहा था। इसके लिए बिजली के मोटे तारों के जरिए अवैध कनेक्शन लिया गया था। कोयला काटने के लिए बड़े-बड़े मोटर और ड्रिल मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा था।
उन्होंने कहा कि इस गतिविधि का आसपास के परिसर पर भी असर पड़ रहा था। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद उन्होंने खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति देखने का फैसला किया। इसके बाद CISF और कोलियरी प्रबंधन की टीम ने कार्रवाई करते हुए खनन में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए और अवैध खदान के मुहानों को बंद करने की प्रक्रिया शुरू की।
0 Comments