रांची। रिम्स के मेडिसिन ICU से मंगलवार तड़के एक कैदी के फरार होने की घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ब्रेन से जुड़ी बीमारी का इलाज करा रहा पाकुड़ निवासी 45 वर्षीय हाथिया हेंब्रम सुरक्षा में तैनात जवानों को चकमा देकर अस्पताल परिसर से निकल गया। घटना सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है।
हाथिया हेंब्रम को इलाज के लिए 20 सितंबर को पाकुड़ से रिम्स लाया गया था। उसका इलाज मेडिसिन ICU में डॉ. ऋषि गुड़िया की देखरेख में चल रहा था। बताया गया कि मंगलवार तड़के उसने बाथरूम जाने की बात कही। इसके बाद वह बाथरूम गया और इसी दौरान सुरक्षा में तैनात जवानों की नजर से बचकर अस्पताल से फरार हो गया।
कैदी के गायब होने की जानकारी मिलते ही रिम्स में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर रिम्स अधीक्षक डॉ. हीरेंद्र बिरुआ मेडिसिन ICU पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। अस्पताल प्रबंधन ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
सिर्फ कैदी फरार नहीं, सुरक्षा व्यवस्था भी सवालों में
घटना के बाद सुरक्षा में तैनात होमगार्ड जवानों से पूछताछ की गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कैदी किस रास्ते से अस्पताल से बाहर निकला और सुरक्षा में तैनात जवानों की नजर उससे कैसे हट गई। पुलिस और रिम्स प्रशासन की टीमें फरार कैदी की तलाश में जुटी हैं।
रिम्स में इलाजरत कैदियों की सुरक्षा के लिए जवानों की तैनाती रहती है। ऐसे में ICU जैसे संवेदनशील वार्ड से कैदी का सुरक्षा घेरे को तोड़कर बाहर निकल जाना सुरक्षा व्यवस्था में चूक की ओर इशारा करता है। अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि फरारी में लापरवाही किस स्तर पर हुई।
0 Comments