गुदरी चौक के पास 19.3 डिसमिल निगम भूमि से हटाया गया अवैध बूचड़खाना, कार्रवाई विरोध के बाद स्थगित


रांची। रांची नगर निगम ने शनिवार को वार्ड-16 के पथलकुदवा रोड स्थित गुदरी चौक के समीप अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। निगम के स्वामित्व वाली करीब 19.3 डिसमिल जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराने की प्रक्रिया शुरू की गई। निगम के अनुसार, इस जमीन पर पूर्व में अवैध रूप से बूचड़खाने का संचालन किया जा रहा था, जिसे हटाकर भूमि को कब्जामुक्त कराया गया था।

निगम ने बताया कि उक्त जमीन का उपयोग अब सामुदायिक भवन और अर्बन आयुष्मान आरोग्य मंदिर (हेल्थ सेंटर) के निर्माण के लिए प्रस्तावित है। इससे स्थानीय लोगों को सामुदायिक आयोजनों के लिए सुविधा के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराने की योजना है।

निजी हित में लोगों को भड़काने का आरोप

निगम के अनुसार, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने निजी हित और कथित अवैध वसूली से जुड़े स्वार्थों के कारण स्थानीय लोगों को भ्रमित कर सरकारी कार्रवाई का विरोध करने का प्रयास किया। मौके पर विरोध और व्यवधान की स्थिति को देखते हुए विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया।

स्थिति सामान्य होने पर फिर होगी कार्रवाई

नगर निगम ने स्पष्ट किया कि जमीन निगम की सार्वजनिक संपत्ति है और इसका इस्तेमाल निजी या व्यावसायिक गतिविधियों के लिए नहीं किया जा सकता। निगम के मुताबिक, स्थिति सामान्य होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। अतिक्रमणमुक्त भूमि पर जनहित से जुड़ी योजनाओं को विकसित करने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी। निगम ने लोगों से अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।

Post a Comment

0 Comments