रांची: राजधानी रांची के लोगों को नगर निगम से जुड़ी सुविधाएं अब अपने घर के नजदीक ही मिल सकेंगी। आम जनता की सहूलियत को देखते हुए रांची नगर निगम ने पांच नए अंचल कार्यालयों की शुरुआत की है। इससे नागरिकों को जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने, बिजली, सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित कार्यों के लिए निगम मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
रांची नगर निगम क्षेत्र में निगम मुख्यालय और डोरंडा के अलावा अब बड़ा तालाब, पंडरा, बांधगाड़ी, धुर्वा और तुपुदाना में नए अंचल कार्यालय खोले गए हैं। इन कार्यालयों के माध्यम से स्थानीय लोगों की शिकायतों और आवेदनों का जल्द निपटारा करने पर जोर दिया जाएगा।
नए अंचल कार्यालयों में जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, बिजली, साफ-सफाई, पथ प्रकाश और जलापूर्ति जैसी सुविधाओं की स्थानीय स्तर पर निगरानी की जाएगी। इसके साथ ही यहां होल्डिंग टैक्स से जुड़े कार्य भी किए जाएंगे। इस पहल से लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए निगम मुख्यालय तक जाने की जरूरत नहीं होगी।
गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मेयर रोशनी खलखो, डिप्टी मेयर नीरज कुमार, नगर आयुक्त सुशांत गौरव और विभिन्न वार्डों के पार्षदों की मौजूदगी में पांचों नए अंचल कार्यालयों का उद्घाटन किया गया। नगर निगम की इस पहल से शहरवासियों को स्थानीय स्तर पर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
0 Comments