रांची: चतरा विधायक जनार्दन पासवान के बेटे सौरभ कुमार के कथित अपहरण की सूचना से रांची और चतरा में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और करीब एक घंटे के भीतर सौरभ कुमार को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि युवक का अपहरण नहीं हुआ था, बल्कि वह अपने दोस्तों के साथ घूमने गया था।
जानकारी के मुताबिक, सौरभ कुमार रांची स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करता है। विधायक जनार्दन पासवान ने पुलिस को सूचना दी थी कि तीन-चार स्कॉर्पियो वाहनों में कुछ लोग आए और उनके बेटे के साथ मारपीट कर उसे अपने साथ ले गए। विधायक ने पुलिस से तत्काल बेटे की तलाश करने की अपील की थी। इस दौरान युवक की कार कॉलेज गेट के बाहर खड़ी मिली थी।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू की और युवक की तलाश में टीम को लगाया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लगभग एक घंटे के अंदर सौरभ कुमार को बरामद कर लिया।
पूछताछ में युवक ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ घूमने गया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही, अपहरण की सूचना किस परिस्थिति में सामने आई और इसको लेकर गलतफहमी कैसे हुई, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।
0 Comments