रायडीह। ऑल झारखंड ड्राइवर ट्रेड यूनियन की रायडीह प्रखंड इकाई की बैठक रविवार को अमर शहीद बख्तर साय मुंडल सिंह स्मृति भवन में हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना रहा।
इस दौरान यूनियन के पदाधिकारियों ने चालकों को सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की जानकारी दी। चालकों से अपील की गई कि वे किसी भी परिस्थिति में नशे की हालत में वाहन न चलाएं और वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करें।
चालकों को यह भी निर्देश दिया गया कि ड्राइविंग के दौरान अपने साथ ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के जरूरी दस्तावेज और पहचान पत्र अवश्य रखें। इसके साथ ही निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करने तथा सड़क पर यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करने के लिए भी जागरूक किया गया।
यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें चालक और सड़क पर चलने वाले प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका होती है। यातायात नियमों का सही तरीके से पालन कर सड़क दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने चालकों से वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने और दूसरे सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की।
बैठक में गुमला जिलाध्यक्ष अख्तर बबलू खान, संगठन मंत्री जगरनाथ गोसाईं, जिला कोषाध्यक्ष मंगल तिर्की, प्रखंड कोषाध्यक्ष धनेश खेरवार, प्रभु राम नगेसिया, मनोज महतो, जगदीश सिंह, मुन्ना साहू, योगेश कुमार सिंह, रणजीत लोहरा, छंदु सदलोहार, अनिल सोरेंग, अनिल कुजूर, गणेश सिंह सहित बड़ी संख्या में चालक और यूनियन के सदस्य मौजूद रहे।
0 Comments