रांची। शिक्षक दिवस के अवसर पर पब्लिक स्कूल्स एण्ड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन (पासवा) की ओर से 13 सितंबर को भव्य शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम आर्यभट्ट सभागार, मोरहाबादी स्थित रांची विश्वविद्यालय में आयोजित होगा। पासवा के मुख्य संरक्षक डॉ. रामेश्वर उरांव के मार्गदर्शन में होने वाले इस समारोह में करीब 2500 प्रोफेसर, लेक्चरर तथा सरकारी और निजी विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया जाएगा।
पासवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे ने बताया कि समारोह को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों के प्रोफेसरों और लेक्चररों के अलावा सरकारी, निजी विद्यालयों और प्ले स्कूलों के शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी कार्यक्रम में आमंत्रित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम की शिक्षा नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व, चरित्र और संस्कार को भी दिशा प्रदान करते हैं। समाज और राष्ट्र के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में शिक्षकों का सम्मान करना शिक्षा, ज्ञान और संस्कार का सम्मान करने के समान है।
आलोक कुमार दूबे ने कहा कि पासवा की ओर से पिछले कई वर्षों से शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं। इस वर्ष भी समारोह को व्यापक और गरिमापूर्ण बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि बदलते दौर में शिक्षा व्यवस्था के सामने नई चुनौतियां सामने आ रही हैं। ऐसे समय में शिक्षकों के योगदान को पहचान देना और उनका मनोबल बढ़ाना जरूरी है। शिक्षकों के उत्कृष्ट कार्यों को सार्वजनिक रूप से सम्मानित करने से समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश भी जाएगा।
पासवा अध्यक्ष ने बताया कि राज्य के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से शिक्षक-शिक्षिकाओं को समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संगठन के पदाधिकारी लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं।
0 Comments