रांची: सदर अस्पताल परिसर और उसके आसपास लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए रांची पुलिस ने बाइक चोर गिरोह के सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की चार मोटरसाइकिल भी बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, सदर अस्पताल के आसपास लगातार बाइक चोरी की घटनाएं सामने आने के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टाइगर मोबाइल, पीसीआर और अन्य पुलिसकर्मियों को विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया था।
इसी क्रम में 6 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि सदर अस्पताल परिसर में एक संदिग्ध व्यक्ति बाइक चोरी की नीयत से घूम रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने संदिग्ध को सदर अस्पताल परिसर से पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उसके बयान और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंच बनाई।
मामले में लोअर बाजार थाना कांड संख्या 153/2026 दर्ज कर पुलिस ने कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया और चार चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की। छापेमारी के दौरान लोअर बाजार थाना कांड संख्या 139/2021 में दर्ज बाइक चोरी के मामले के अप्राथमिकी अभियुक्त शाहिद राय को भी गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
इरफान अंसारी (24), नामकुम निवासी
मो. कैश आलम (21), बेड़ो निवासी
मोसिन राय (26), बेड़ो निवासी
इमरान आलम उर्फ भालो (25), बेड़ो निवासी
मो. जफरूल्ला (20), बेड़ो निवासी
सैफ अंसारी उर्फ राज (22), सिसई निवासी
शाहिद राय (40), बेड़ो निवासी
0 Comments