उपेंद्र हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार



रांची : कोतवाली थाना क्षेत्र के औघड़ बाबा आश्रम के पास 26 अगस्त को मिले उपेंद्र कुमार मिश्रा (32) के शव की हत्या का रांची पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में सुजीत कुमार गुप्ता उर्फ पीटर और राकेश कुमार यादव को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हत्या समेत उसी रात हुई तीन आपराधिक घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने उपेंद्र कुमार मिश्रा की हत्या करने के बाद उसका मोबाइल फोन और बाइक लूट ली थी। इसके बाद उसी रात अरगोड़ा थाना क्षेत्र के सहजानंद चौक के पास एक ट्रक चालक को चाकू मारकर उसका मोबाइल लूट लिया गया। इसके अलावा बसंत बिहार रोड नंबर-5 स्थित एक निर्माणाधीन भवन में घुसकर मोबाइल चोरी की घटना को भी अंजाम दिया गया।

जांच के दौरान पुलिस को तीनों घटनाओं के बीच कड़ी मिली और एक ही गिरोह की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुजीत कुमार गुप्ता उर्फ पीटर और राकेश कुमार यादव को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, सुजीत का पहले से चोरी, लूट और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है। वहीं, राकेश कुमार यादव पूर्व में चोरी के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Post a Comment

0 Comments