झारखंड में अगले चार दिन बारिश-आंधी का अलर्ट, 8 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

रांची। झारखंड में शनिवार से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के रांची केंद्र ने 29 अगस्त से 1 सितंबर तक यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवा, आंधी और वज्रपात की संभावना जताई गई है।
शनिवार को उत्तर-पूर्वी झारखंड के चार जिलों दुमका, देवघर, जामताड़ा और गिरिडीह में भारी बारिश हो सकती है। वहीं दक्षिण-पूर्वी झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और धनबाद में भी भारी बारिश का पूर्वानुमान है। यानी कुल आठ जिलों में शनिवार को भारी बारिश को लेकर यलो वार्निंग जारी की गई है।
30 अगस्त से बढ़ेगा बारिश का दायरा
मौसम विभाग के अनुसार 30 अगस्त से राज्य के 17 जिलों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इस दौरान कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी-तूफान और वज्रपात की आशंका है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
तापमान में 4 डिग्री तक गिरावट संभव
बारिश और बादल छाए रहने के कारण राज्य के कई हिस्सों के तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है। इससे उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिल सकती है। हालांकि, तेज हवा और वज्रपात के कारण मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
पेड़ों के नीचे न रुकें, वज्रपात से रहें सावधान
मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। आंधी के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े नहीं होने, खुले मैदान में जाने से बचने और वज्रपात के समय सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है।

Post a Comment

0 Comments