चैंबर चुनाव: टीम तुलसी पटेल ने 32 प्रत्याशियों के नाम किए घोषित



रांची : फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के चुनाव को लेकर टीम तुलसी पटेल ने शनिवार को अपने 32 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की। होटल बीएनआर चाणक्य में आयोजित प्रेस वार्ता में टीम की ओर से चेंबर सदस्यों से समर्थन की अपील की गई।
 इस दौरान तुलसी पटेल ने टीम की प्राथमिकताएं भी सामने रखीं।तुलसी पटेल ने कहा कि राज्य में व्यापारियों के सामने कई समस्याएं हैं। टीम का प्रयास होगा कि इन समस्याओं का समाधान कराया जाए। राज्यस्तरीय समस्याओं के साथ नगर निगम से जुड़ी परेशानियों को भी दूर करने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों की स्थिति चिंताजनक है, जिस पर विशेष रूप से काम करने की जरूरत है। कानून-व्यवस्था में सुधार के लिए भी संबंधित स्तर पर प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि झारखंड में अधिक से अधिक निवेश आए, इसके लिए सिंगल विंडो सिस्टम को प्रभावी बनाने का प्रयास होगा। साथ ही उद्योग नीति को सरल बनाने की दिशा में भी पहल की जाएगी।पूर्व अध्यक्ष मनोज नरेडी ने कहा कि टीम तुलसी पटेल में चेंबर को आगे बढ़ाने की क्षमता है। टीम के सदस्य सरकार के साथ समन्वय बनाकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि चेंबर का नेतृत्व ऐसा होना चाहिए, जो सरकार और व्यापारियों के बीच सेतु का काम करे। पूर्व अध्यक्ष रंजीत गाड़ोदिया ने कहा कि इस बार भी चेंबर को एक मजबूत टीम देने का प्रयास है। 
टीम तुलसी पटेल के सदस्य चेंबर को आगे ले जाने में सक्षम हैं और उन्हें कई पूर्व अध्यक्षों का समर्थन प्राप्त है।पूर्व अध्यक्ष परेश गट्टानी ने कहा कि टीम तुलसी पटेल को चेंबर सदस्यों का समर्थन मिल रहा है। व्यापारियों की इच्छा है कि इस बार टीम तुलसी चेंबर का नेतृत्व करे।

टीम तुलसी पटेल के प्रत्याशी
तुलसी पटेल, अमित शर्मा, अनिल अग्रवाल, अरुण भरतीया, आदित्य शाह, ज्योति कुमारी, मनीष सराफ, मोनिका गोयनका, नवीन जैन, नवजोत अलंग, प्रकाश कुमार अग्रवाल समोता, पूजा ढाढा, राहुल साबू, राम बांगड़, रोहित अग्रवाल, रोहित पोद्दार, साहित्य पवन, शैलेश अग्रवाल, संजय अखौरी, तनप्रिंस सिंह कोहली, विकास मोदी, विकास विजयवर्गीय, विनीता सिंघानिया, नवल जीत गांधी, गौरव अग्रवाल, रौनक जैन, विनीत गाड़ोदिया, मनमोहन मोहता, उत्सव परासर, गौतम शाही और अतुल अग्रवाल।

Post a Comment

0 Comments