रांची। कोकर इलाके में शुक्रवार को चार साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि 30 वर्षीय मोकीम अंसारी ने घर के बाहर गली में खेल रही बच्ची को बिस्किट देने के बहाने अपने पास बुलाया और कमरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद बच्ची रोते हुए घर पहुंची और परिजनों को पूरी बात बताई।
परिजन बच्ची को लेकर थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद आरोपी जेल भेजा गया
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने बच्ची के साथ गलत हरकत करने की बात स्वीकार की है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बच्ची के घर के बगल में किराए के कमरे में रहता था और राजमिस्त्री का काम करता है।
बच्ची का कराया गया मेडिकल
घटना के बाद पुलिस ने बच्ची को अस्पताल भेजकर उसका मेडिकल कराया। पुलिस ने मामले से जुड़े जरूरी साक्ष्य भी जुटाए हैं। घटना के बाद बच्ची डरी-सहमी है और ज्यादा बात नहीं कर पा रही है। उसकी स्थिति को देखते हुए परिजन भी उससे बार-बार घटना के बारे में पूछताछ नहीं कर रहे हैं।
आरोपी तीन बच्चों का पिता
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी शादी करीब 17 साल पहले हुई थी। उसकी पत्नी और तीन बच्चे फिलहाल बिहार के किशनगंज में रहते हैं। आरोपी के अनुसार, करीब छह साल पहले तक पत्नी और बच्चे रांची में उसके साथ रहते थे। कोरोना काल में काम छूटने के बाद उसने पत्नी और बच्चों को वापस किशनगंज भेज दिया था। इसके बाद से वे रांची नहीं आए हैं।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
0 Comments