रांची में ‘No UPI Day’ का फैसला वापस, 2 अक्टूबर को भी दुकानों पर होगा डिजिटल पेमेंट


रांची: राजधानी रांची के व्यापारियों ने 2 अक्टूबर को प्रस्तावित ‘No UPI Day’ के फैसले को वापस ले लिया है। अब शहर की दुकानों पर सामान्य दिनों की तरह ही UPI के माध्यम से भुगतान स्वीकार किया जाएगा। झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स की बैठक में UPI के खिलाफ किसी भी तरह का विरोध-प्रदर्शन नहीं करने का निर्णय लिया गया है।

दरअसल, 15 अक्टूबर से UPI के जरिए मर्चेंट को 2,000 रुपये से अधिक के भुगतान पर 0.4 प्रतिशत शुल्क लगाए जाने की बात को लेकर देशभर के व्यापारी विरोध जता रहे हैं। 75,000 रुपये या उससे अधिक के भुगतान पर यह शुल्क अधिकतम 300 रुपये तक सीमित किए जाने की बात कही गई है।

इसी प्रस्तावित शुल्क के विरोध में रांची के व्यापारियों ने 2 अक्टूबर को ‘No UPI Day’ मनाने का ऐलान किया था। इसके तहत दुकानदारों ने UPI से भुगतान स्वीकार नहीं करने और अपनी दुकानों पर लगे QR कोड पर काली पट्टी लगाने का निर्णय लिया था। हालांकि, अब व्यापारियों ने अपना फैसला बदल दिया है।

झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स का कहना है कि इस मुद्दे पर वित्त मंत्री को पत्र लिखकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई गई है। साथ ही, नए नियम को वापस लेने की मांग भी की गई है। चैंबर ने विरोध के लिए UPI भुगतान बंद करने के बजाय सरकार के समक्ष अपनी बात रखने का रास्ता चुना है।

UPI पेमेंट से दुकानदारों को फायदा

UPI भुगतान पर प्रस्तावित मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) शुल्क को लेकर रांची के अल्बर्ट एक्का चौक के दुकानदारों से बातचीत की गई। इसमें अधिकांश दुकानदारों ने UPI पेमेंट को लेकर संतुष्टि जताई और कहा कि डिजिटल भुगतान से उनके कारोबार को फायदा हुआ है।

दुकानदारों के मुताबिक, नकद पैसे से खरीदारी करने वाले ग्राहक अक्सर अपने बजट के हिसाब से खर्च करते हैं। वहीं, UPI के जरिए भुगतान करने में ग्राहकों को सुविधा होती है और वे खरीदारी के दौरान ज्यादा सोच-विचार नहीं करते। इससे कई बार बिक्री भी बढ़ जाती है।

व्यापारियों का यह भी कहना है कि अब बड़ी संख्या में ग्राहक घर से निकलते समय नकदी के बजाय ऑनलाइन भुगतान पर निर्भर रहते हैं। ऐसे में यदि एक दिन के लिए भी UPI भुगतान बंद कर दिया जाता, तो दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता था।

व्यापारियों को शुल्क से नहीं है खास आपत्ति
अल्बर्ट एक्का चौक के कई दुकानदारों का कहना है कि UPI भुगतान से उन्हें काफी सहूलियत मिली है। उनके अनुसार, प्रस्तावित शुल्क कम होने के कारण उन्हें इससे विशेष आपत्ति नहीं है। दुकानदारों का मानना है कि डिजिटल पेमेंट की सुविधा जारी रहने से ग्राहकों को परेशानी नहीं होगी और कारोबार भी प्रभावित नहीं होगा।

फिलहाल, रांची के व्यापारियों ने 2 अक्टूबर को UPI भुगतान बंद नहीं करने का फैसला किया है। ऐसे में ग्राहक त्योहारों के दौरान पहले की तरह ही दुकानों पर QR कोड स्कैन कर डिजिटल भुगतान कर सकेंगे।

Post a Comment

0 Comments