रांची: रातु थाना क्षेत्र में जान मारने की धमकी देकर रंगदारी मांगने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गणेश पाहन उर्फ गणेश मुंडा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में नक्सली घटनाओं तथा रेल डकैती जैसे गंभीर मामलों में जेल जा चुका है।
मामला रातु थाना कांड संख्या 262/26 से जुड़ा है, जो 31 जुलाई 2026 को दर्ज किया गया था। वादी ने अज्ञात मोबाइल नंबर और अज्ञात अपराधियों के खिलाफ जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक रांची के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के निर्देशन में डीएसपी (मुख्यालय) द्वितीय अजय आर्यन के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए मामले का उद्भेदन किया।
पुलिस ने छापेमारी कर मामले में संलिप्त गणेश पाहन उर्फ गणेश मुंडा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से मामले से संबंधित एक मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड भी बरामद किया है।
अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ के दौरान इस वारदात में शामिल अपने अन्य सहयोगियों के नाम भी बताए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
आरोपी का रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक गणेश पाहन के खिलाफ पहले भी कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इनमें—
रेल थाना चक्रधरपुर कांड संख्या 08/12 में डकैती से संबंधित मामला।
मुरहू थाना कांड संख्या 76/14 में आर्म्स एक्ट और सीएलए एक्ट का मामला।
टेबो थाना कांड संख्या 04/15 में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और सीएलए एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
0 Comments