रांची। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में आदिवासी बच्चों की लगातार हो रही मौतों को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने भाजपा सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। हरमू स्थित झामुमो के केंद्रीय कार्यालय में गुरुवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य सह विधायक लुईस मरांडी और तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया ने मामले को चिंताजनक बताते हुए सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था पर निशाना साधा।
लुईस मरांडी ने कहा कि बालाघाट में पिछले करीब एक महीने के दौरान बैगा और गोंड आदिवासी समुदाय के 30 से अधिक बच्चों की मौत की खबर सामने आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बच्चों के इलाज और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर सरकार ने समय रहते पर्याप्त गंभीरता नहीं दिखाई। उन्होंने कहा कि मौतों के कारणों और आंकड़ों को लेकर अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं, जिससे पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि यदि प्रभावित क्षेत्रों में समय रहते स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जाता और बच्चों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाता, तो कई जानें बचाई जा सकती थीं। आदिवासी बहुल इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति को लेकर सरकार को जवाब देना चाहिए।
वहीं, विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि आदिवासी और ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने मांग की कि बच्चों की मौत के पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराई जाए और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
0 Comments