रांची: अफीम की अवैध खेती पर रोक लगाने और ग्रामीणों को इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को तमाड़ थाना क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाया गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तमाड़ थाना पुलिस ने लुंगटू स्थित हाई स्कूल में विद्यार्थियों एवं स्थानीय ग्रामीणों के बीच अभियान चलाकर अफीम की खेती से होने वाले नुकसान की जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों को बताया कि अफीम की अवैध खेती न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इसके कारण सामाजिक और आर्थिक स्तर पर भी गंभीर दुष्परिणाम सामने आ सकते हैं। ग्रामीणों से स्पष्ट रूप से अपील की गई कि वे किसी भी परिस्थिति में अफीम की अवैध खेती न करें और अपने आसपास यदि ऐसी गतिविधियां दिखाई दें तो तत्काल पुलिस अथवा प्रशासन को इसकी सूचना दें।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों को भी नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में आम लोगों की भागीदारी बेहद जरूरी है।
पुलिस के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में अफीम की अवैध खेती पर प्रभावी रोक लगाना, लोगों में कानूनी एवं सामाजिक जागरूकता बढ़ाना तथा जनभागीदारी के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण को बढ़ावा देना है।
0 Comments