रांची/गिरिडीह। झारखंड की राजनीति से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है। राज्य सरकार में कैबिनेट मंत्री और गिरिडीह सदर से विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के निधन की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात गिरिडीह स्थित उनके आवास पर अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उन्हें हार्ट अटैक आया, जिसके बाद आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया।
परिजनों और करीबियों के मुताबिक, मंत्री को तत्काल गिरिडीह के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका और उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक अस्पताल पहुंचने लगे।
सुदिव्य कुमार सोनू के निधन की खबर से गिरिडीह समेत पूरे झारखंड में शोक की लहर दौड़ने की बात कही जा रही है। हालांकि, निधन की आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत मेडिकल जानकारी का इंतजार है।
कई महत्वपूर्ण विभागों की संभाल रहे थे जिम्मेदारी
सुदिव्य कुमार सोनू झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेताओं में शामिल रहे हैं। वह गिरिडीह सदर विधानसभा सीट से विधायक हैं। राज्य सरकार में उन्हें नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद और युवा कार्य जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी दी गई थी।
सुदिव्य कुमार सोनू ने वर्ष 2019 में पहली बार गिरिडीह विधानसभा सीट से जीत दर्ज की थी। इसके बाद 2024 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने अपनी सीट बरकरार रखी। सरकार में मंत्री बनने के बाद वह कई महत्वपूर्ण राजनीतिक और प्रशासनिक मुद्दों पर सक्रिय रहे।
उनके निधन की खबर ने झामुमो कार्यकर्ताओं और समर्थकों को गहरा झटका दिया है। आधिकारिक पुष्टि और अंतिम संस्कार से जुड़ी जानकारी का अभी इंतजार किया जा रहा है।
0 Comments