रांची: झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने पुलिसकर्मियों के मान-सम्मान, सुविधाओं और विभिन्न लंबित मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की है।
एसोसिएशन की ओर से मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि थाना, ओपी और वाहिनी में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारियों के साथ गाली-गलौज, मारपीट और धमकी की घटनाएं बढ़ रही हैं। पत्र में डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो के समर्थकों द्वारा बरवाडीह थाना में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारी के साथ कथित दुर्व्यवहार का भी उल्लेख किया गया है।एसोसिएशन ने सरकार के समक्ष 9 सूत्री मांगें रखी हैं।
इनमें आरोपित विधायक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई, पुलिसकर्मियों की सम्मानित वर्दी भत्ता में बढ़ोतरी, राशन भत्ता बढ़ाने, सातवें वेतनमान के अनुरूप विभिन्न भत्तों का पुनर्निर्धारण, पुलिसकर्मियों के बच्चों की शिक्षा के लिए शिक्षा भत्ता तथा स्वास्थ्य भत्ता शामिल हैं।
इसके अलावा नक्सल प्रभावित जिलों में लंबे समय से पदस्थापित पुलिसकर्मियों के स्थानांतरण और पुलिस पदाधिकारियों के समयबद्ध स्थानांतरण की भी मांग की गई है।एसोसिएशन ने पुलिस के साथ अभद्र व्यवहार एवं सरकारी कार्य में हस्तक्षेप करने वाले जनप्रतिनिधियों के खिलाफ कार्रवाई का प्रावधान करने की मांग भी की है।आंदोलन का कार्यक्रम: 8 से 11 सितंबर तक पुलिसकर्मी वर्दी पर काला बिल्ला लगाकर ड्यूटी करेंगे। 19 सितंबर को सामूहिक उपवास और 24 सितंबर को जिलों में एक दिवसीय धरना दिया जाएगा।
इसके बाद 5 से 10 अक्टूबर तक छह दिनों का सामूहिक अवकाश प्रस्तावित है।एसोसिएशन ने सरकार से अपील की है कि पुलिसकर्मियों की लंबे समय से लंबित मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर समस्याओं का समाधान किया जाए।
0 Comments