झारखंड में 734 करोड़ रुपये से अधिक के कथित फर्जी GST इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) घोटाले को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। ED की रांची जोनल टीम ने बुधवार को जमशेदपुर, देवघर और कोलकाता में एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के बाद जमशेदपुर के बिष्टुपुर से स्क्रैप कारोबारी ज्ञानचंद जायसवाल उर्फ बबलू जायसवाल और उनके बेटे राज जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के मुताबिक, छापेमारी की इस कार्रवाई में ED के 50 से अधिक अधिकारी और CRPF के जवान शामिल थे। जमशेदपुर में कारोबारी के आवास, फ्लैट और उनके अकाउंटेंट के ठिकाने पर भी तलाशी ली गई। जांच एजेंसी कथित घोटाले से जुड़े दस्तावेजों और लेन-देन के रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है।
ED की जांच में सामने आया है कि बिना किसी वास्तविक माल की आपूर्ति के केवल कागजी इनवॉइस के जरिए 734 करोड़ रुपये से अधिक के फर्जी ITC क्लेम किए जाने का आरोप है। इस पूरे मामले में कथित तौर पर फर्जी कंपनियों का इस्तेमाल कर लेन-देन को अंजाम दिया गया।
गौरतलब है कि इस मामले में इससे पहले भी कुछ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। अब ED कथित फर्जी कंपनियों के जरिए हुए वित्तीय लेन-देन और मनी ट्रेल की जांच कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
0 Comments