रांची। घूसखोरी के मामले में गिरफ्तार CISF के तीनों अकाउंटेंट को सीबीआई की विशेष अदालत ने तीन दिनों की रिमांड पर भेजने का आदेश दिया है। सीबीआई ने सीनियर अकाउंटेंट संतोष कुमार महतो, असिस्टेंट अकाउंटेंट सुनील कुमार और सुजीत कुमार सिंह को 48 हजार रुपये घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया था।
गिरफ्तारी के बाद सीबीआई ने तीनों आरोपियों को विशेष न्यायाधीश की अदालत में पेश किया। मामले की जांच के लिए सीबीआई ने आरोपियों की रिमांड की मांग की थी। अदालत ने दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद तीनों को तीन दिनों की सीबीआई रिमांड पर भेजने का आदेश दिया।
संतोष के घर से 10 लाख नकद और जेवर बरामद
सीबीआई की कार्रवाई के दौरान सीनियर अकाउंटेंट संतोष कुमार महतो के घर की तलाशी भी ली गई। तलाशी में करीब 10 लाख रुपये नकद और लगभग 30 लाख रुपये मूल्य के जेवरात बरामद किए गए हैं। सीबीआई अब बरामद नकदी और जेवरात के स्रोत की भी जांच कर रही है।
घूस की रकम को लेकर पूछताछ
सीबीआई अधिकारियों के अनुसार, तीनों आरोपियों से रिमांड के दौरान घूस की रकम से जुड़े मामले के अलावा उनकी भूमिका, आपसी सांठगांठ और अन्य वित्तीय लेनदेन को लेकर पूछताछ की जाएगी। एजेंसी यह भी पता लगाने में जुटी है कि रिश्वतखोरी के इस मामले में इनके अलावा कोई अन्य व्यक्ति शामिल है या नहीं।
0 Comments