श्रावणी मेला खत्म, बाबा मंदिर में फिर शुरू हुई स्पर्श पूजा


देवघर। विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर में श्रावणी मेला समाप्त होने के बाद शुक्रवार को अरघा हटा दिया गया। इसके साथ ही बाबा मंदिर में सामान्य पूजा व्यवस्था बहाल कर दी गई है। शनिवार सुबह से श्रद्धालु पूर्व की तरह बाबा बैद्यनाथ की स्पर्श पूजा कर सकेंगे।
श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए बाबा मंदिर के गर्भगृह में अरघा लगाया गया था। मेले के समापन के बाद इसे हटा दिया गया है। अब श्रद्धालु बाबा के ज्योतिर्लिंग का स्पर्श कर पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
भादो मेले में रुद्राभिषेक पर रोक
भादो मेले के दौरान मंदिर के गर्भगृह में रुद्राभिषेक पर पूरी तरह रोक रहेगी। श्रद्धालुओं को कतारबद्ध व्यवस्था के तहत बाबा की पूजा कराई जाएगी। मंदिर प्रशासन की ओर से भीड़ नियंत्रण और सुगम दर्शन को लेकर आवश्यक व्यवस्था की जा रही है।
शीघ्र दर्शनम् कूपन 600 रुपये
बाबा मंदिर में शीघ्र दर्शनम् कूपन का शुल्क फिलहाल 600 रुपये ही रहेगा। भादो मेले को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत रखी जाएगी। पर्याप्त संख्या में मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

Post a Comment

0 Comments