पांच करोड़ की रंगदारी मांगने और धमकी देने के आरोप में एक गिरफ्तार


रांची: अरगोड़ा थाना पुलिस ने पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार अशोक नगर रोड नंबर-4 निवासी 68 वर्षीय डॉ. दुर्गाचरण सिन्हा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 29 जुलाई से मोबाइल नंबर 9199404559 के उपयोगकर्ता द्वारा लगातार पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी जा रही थी और जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। शिकायत के आधार पर अरगोड़ा थाना कांड संख्या 224/2026, दिनांक 23 अगस्त 2026 को संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वरीय पुलिस अधीक्षक रांची एवं पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देश पर अनुसंधान के दौरान पुलिस ने उक्त मोबाइल नंबर के उपयोगकर्ता दीपक कुमार दास (46 वर्ष) को सुखदेवनगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी लोहरदगा का रहने वाला है और वर्तमान में रांची में पानी टंकी के समीप किरायेदार के रूप में रह रहा था। उसे न्यायालय में प्रस्तुत करने के लिए भेजा जा रहा है।

पुलिस ने रंगदारी मांगने में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर का सिम भी बरामद किया है। छापेमारी दल में हटिया के वरीय पुलिस उपाधीक्षक, अरगोड़ा थाना प्रभारी सतीश कुमार गोराई, पुलिस अवर निरीक्षक सत्यम कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Post a Comment

0 Comments