रांची। बरियातू थाना क्षेत्र के मंडा बगीचा में सोमवार देर रात युवकों के बीच हुए विवाद के बाद फायरिंग की घटना सामने आई। गोली लगने से कमड़े निवासी टोनी लोहरा घायल हो गया। उसके पेट में गोली लगी है। गंभीर स्थिति में उसे रिम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, मंडा बगीचा में कुछ युवक देर रात एक साथ बैठे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और इसी दौरान गोली चल गई। फायरिंग में टोनी लोहरा घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलने पर बरियातू थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। सदर डीएसपी और थाना प्रभारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने वहां मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और गोली किसने चलाई। घटनास्थल पर मौजूद संदिग्धों की पहचान की जा रही है। पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी कर रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मंडा बगीचा में देर रात तक युवकों के जमावड़े और शराबखोरी को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आती रही हैं। हालांकि, फायरिंग की घटना के वास्तविक कारण और इसमें शामिल लोगों की भूमिका पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
फिलहाल घायल टोनी लोहरा का रिम्स में इलाज चल रहा है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
0 Comments